निर्माण कार्यों में लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं, तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ काम पूरा करें: मुख्यमंत्री साय…

खामभाठा में निर्माणाधीन पुल से बच्चों और ग्रामीणों की परेशानी पर मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान, कलेक्टर से दूरभाष पर ली जानकारी
रायपुर, 11 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि जनसुविधा से जुड़े विकास एवं निर्माण कार्यों को तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों को निर्माणाधीन कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा कार्य की गति धीमी होने पर बाधाओं को तत्काल दूर कर निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विकास कार्यों में देरी का सीधा असर आम नागरिकों पर पड़ता है। सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल सहित बुनियादी सुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्यों में समयबद्धता के साथ गुणवत्ता सुनिश्चित करना जरूरी है। जनहित से जुड़े कार्यों में अनावश्यक विलंब के लिए जिम्मेदारी तय की जाएगी।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड के खामभाठा क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल के कारण स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को हो रही परेशानी को गंभीरता से लिया। जानकारी मिलते ही उन्होंने गरियाबंद कलेक्टर रणबीर शर्मा से दूरभाष पर चर्चा कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने पुल निर्माण को निश्चित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण में लेटलतीफी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब तलब करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुल का निर्माण पूरा होने तक स्कूली बच्चों और क्षेत्रवासियों को जोखिम उठाकर आवागमन न करना पड़े, इसके लिए जिला प्रशासन तत्काल सुरक्षित और सुगम वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करे।
उन्होंने निर्माणाधीन पुल स्थल पर सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध तत्काल करने के निर्देश दिए। खुले और खतरनाक तरीके से लगे सरियों को सुरक्षित करने, गहरे गड्ढों एवं अन्य जोखिमपूर्ण स्थानों को दुरुस्त करने तथा आवश्यकता के अनुसार बैरिकेडिंग सहित अन्य जरूरी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री साय ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने जिलों में चल रहे निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करें। निर्माण में आ रही बाधाओं का तत्काल समाधान कर कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने अधिकारियों से पूरी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा कि स्वीकृत विकास कार्यों का लाभ नागरिकों को निर्धारित समय पर मिले। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुविधा और नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।




