अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जांजगीर-चांपा में सामूहिक योगाभ्यास, प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी बोले- योग हमारी विरासत और स्वस्थ जीवन का आधार

जांजगीर-चांपा, 21 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित भीमा तालाब, जाज्वल्य देव द्वार के समीप भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों, खेल संघों, पतंजलि योग समिति, लायंस क्लब के सदस्य और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
योग दिवस के अवसर पर प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रही है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ज्ञान परंपरा का प्रतीक है तथा “विकास भी, विरासत भी” की अवधारणा को साकार करता है।
अपने संबोधन में मंत्री चौधरी ने बढ़ती जीवनशैली संबंधी बीमारियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग और अन्य गंभीर बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। असंतुलित दिनचर्या और तनावपूर्ण जीवनशैली लोगों को स्वास्थ्य समस्याओं की ओर धकेल रही है। उन्होंने कहा कि बीमारी आने का इंतजार करने के बजाय पहले से ही स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना आवश्यक है। योग, प्राकृतिक चिकित्सा और संतुलित जीवनशैली को अपनाकर अनेक गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने का भी प्रभावी साधन है। योग व्यक्ति को अनुशासित और तनावमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान पामगढ़ विकासखंड के ग्राम कुटराबोड़ के प्रतिभाशाली मलखंभ खिलाड़ी डिंपी सिंह ने अपने शानदार करतबों का प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रभावित होकर प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने स्वेच्छानुदान मद से 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही भविष्य में उनकी खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
योगाभ्यास कार्यक्रम के बाद प्रभारी मंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत भीमा तालाब परिसर में पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण भी उतना ही आवश्यक है जितना नियमित योगाभ्यास।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले को स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी सौगात भी मिली। प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने नवागढ़, पामगढ़ और अकलतरा विकासखंड के लिए उपलब्ध कराई गई तीन नई एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन एंबुलेंसों के शुरू होने से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ और प्रभावी होंगी, जिससे मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
जांजगीर-चांपा में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह कार्यक्रम स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के संदेश के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने योग के प्रति बढ़ती जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति समाज की सकारात्मक सोच को भी प्रदर्शित किया।





