Chhattisgarh

होली के मद्देनजर शिवरीनारायण पुलिस की सख्त कार्रवाई, डरावने मुखौटे जब्त

जांजगीर-चांपा, 03 मार्च। जिले में होली पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की है। शिवरीनारायण पुलिस ने क्षेत्र की विभिन्न दुकानों में जांच अभियान चलाते हुए डरावने, भ्रामक एवं आपत्तिजनक मुखौटों को जब्त किया है, ताकि असामाजिक तत्व त्योहार की आड़ में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को अंजाम न दे सकें।

यह कार्रवाई जांजगीर चांपा पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली जैसे पर्वों के दौरान कुछ असामाजिक तत्व मुखौटों का उपयोग कर अपनी पहचान छिपाते हुए हुड़दंग, मारपीट या अन्य आपराधिक कृत्यों को अंजाम दे सकते हैं। इसी आशंका को ध्यान में रखते हुए एहतियातन यह सख्त कदम उठाया गया है।

थाना प्रभारी शिवरीनारायण राजीव श्रीवास्तव ने क्षेत्र के व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे होली पर्व के दौरान डरावने, भ्रामक अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले मुखौटे एवं सामग्री की बिक्री न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे होली का त्योहार शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग एवं निगरानी की जा रही है।

पुलिस प्रशासन ने दोहराया है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Back to top button