हल्क फिटनेस क्लब के खिलाड़ी शानू रॉय वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025 के लिए चयनित
जांजगीर-चांपा। हल्क फिटनेस क्लब एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा के दम पर सुर्खियों में है। क्लब के जांबाज़ खिलाड़ी शानू रॉय ने नई उपलब्धि हासिल करते हुए न केवल क्लब का बल्कि पूरे प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। आगामी वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025 के लिए भारत के अब तक के सबसे बड़े पावरलिफ्टिंग दल का चयन किया गया है, जिसमें देशभर से कुल 52 खिलाड़ी शामिल किए गए हैं। गौरव की बात यह है कि इनमें से 8 खिलाड़ी छत्तीसगढ़ से हैं और शानू रॉय उन्हीं चुनिंदा खिलाड़ियों में से एक हैं।
यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप 27 से 30 नवंबर के बीच श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में आयोजित होगी। इस मुकाबले के लिए चयनित होना किसी भी खिलाड़ी के लिए सम्मान की बात है और शानू रॉय का यह चयन जांजगीर-चांपा और हल्क फिटनेस क्लब दोनों के लिए गर्व का पल है।
हल्क फिटनेस क्लब ने बताया कि खिलाड़ी की इस उपलब्धि के पीछे क्लब के कोच कैलाश वर्मा एवं किशन वर्मा का मार्गदर्शन और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का बड़ा योगदान है। क्लब के सदस्य पिछले वर्षों में पावरलिफ्टिंग, वेटलिफ्टिंग, बॉडीबिल्डिंग, फिटनेस मॉडलिंग, और मॉडलिंग जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
हल्क फिटनेस क्लब परिवार ने शानू रॉय को आगामी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के लिए शुभकामनाएँ दी हैं और यह विश्वास जताया है कि खिलाड़ी देश के लिए नई मिसाल कायम करेगा। क्लब भविष्य में भी नई प्रतिभाओं को प्रशिक्षित करने और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने के लिए लगातार कार्यरत रहेगा।
साथ ही क्लब ने आम जनता से भी अपील की है कि वे अपने बहुमूल्य समय में से कुछ समय अपने स्वास्थ्य और व्यायाम के लिए अवश्य निकालें। हल्क फिटनेस क्लब, जांजगीर–चांपा, सभी फिटनेस प्रेमियों का हार्दिक स्वागत करता है।




