Chhattisgarh

हरदी बाजार–दीपका मार्ग बना हादसों का केंद्र, ट्रेलर चालकों की लापरवाही से बढ़ रही दुर्घटनाएं

कोरबा। जिले के हरदी बाजार–दीपका मुख्य मार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों, विशेषकर ट्रेलरों के चालकों द्वारा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण आए दिन कोई न कोई दुर्घटना घटित हो रही है। सड़क सुरक्षा के प्रति बरती जा रही अनदेखी के चलते लोगों की जान-माल को लगातार खतरा बना हुआ है।

स्थानीय लोगों के अनुसार हरदी बाजार–दीपका रोड पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में कोयला परिवहन में लगे ट्रेलरों का आवागमन होता है। कई चालक तेज रफ्तार और असावधानी से वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। विगत दिनों इसी मार्ग पर एक ट्रेलर से सड़क पर कोयला बिखर गया था, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद संबंधित विभागों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से लोगों में नाराजगी है।

बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सराईसिंगार निवासी एक ग्रामीण की तीन भैंसों को अपनी चपेट में ले लिया था। इस दुर्घटना में पशुओं को गंभीर नुकसान पहुंचा। घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

इसी कड़ी में शुक्रवार सुबह लगभग 10:30 बजे एक और सड़क हादसा सामने आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हरदी बाजार–दीपका मार्ग पर एक कार को पीछे से आ रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में कार चालक घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल चालक को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। घायल की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी है।

लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए क्षेत्रवासियों ने प्रशासन, पुलिस विभाग और परिवहन विभाग से इस मार्ग पर भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने, नियमित जांच अभियान चलाने तथा लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं। हरदी बाजार–दीपका मार्ग पर बढ़ती दुर्घटनाएं सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं और जिम्मेदार विभागों से त्वरित हस्तक्षेप की अपेक्षा की जा रही है।

Related Articles

Back to top button