स्पेशल कैंपेन 6 में SECL ने लक्ष्य से अधिक किया प्रदर्शन, 4,602 मीट्रिक टन स्क्रैप निपटान से कमाए 26.17 करोड़ रुपये

बिलासपुर, 29 अक्टूबर 2026। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने स्पेशल कैंपेन 6 के तहत स्वच्छता, स्क्रैप निपटान, रिकॉर्ड प्रबंधन और उपलब्ध स्थान के बेहतर उपयोग में निर्धारित लक्ष्यों से अधिक उपलब्धियां हासिल की हैं। कंपनी ने अभियान के दौरान 4,602 मीट्रिक टन स्क्रैप का निपटान कर लगभग 26.17 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। इसके साथ ही 226 स्थलों पर 47 लाख वर्गफुट से अधिक क्षेत्र में स्वच्छता कार्य किया गया है।
एसईसीएल के अनुसार, अभियान के तहत 225 स्थलों पर स्वच्छता गतिविधियां संचालित करने का लक्ष्य निर्धारित था, जबकि कंपनी ने 226 स्थलों पर अभियान चलाया। इसी तरह 40 लाख वर्गफुट क्षेत्र में सफाई के लक्ष्य के मुकाबले 47 लाख वर्गफुट से अधिक क्षेत्र में स्वच्छता कार्य पूरा किया गया। स्क्रैप निपटान के लिए निर्धारित 3,300 मीट्रिक टन के लक्ष्य को पार करते हुए 4,602 मीट्रिक टन स्क्रैप का निपटान किया गया।

अभियान के दौरान रिकॉर्ड प्रबंधन में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। कंपनी ने 500 भौतिक फाइलों की समीक्षा के लक्ष्य के मुकाबले 2,100 फाइलों की समीक्षा की। वहीं, 200 भौतिक फाइलों की छंटनी के लक्ष्य के विरुद्ध 872 फाइलों को नियमानुसार रिकॉर्ड से हटाया गया।
इलेक्ट्रॉनिक फाइलों के प्रबंधन में भी एसईसीएल ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक कार्य किया है। सात हजार ई-फाइलों की समीक्षा के लक्ष्य के मुकाबले 14,215 ई-फाइलों की समीक्षा की गई। इसके अलावा तीन हजार ई-फाइलों को बंद करने के लक्ष्य के विरुद्ध 13,708 ई-फाइलों का निस्तारण किया गया। इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित बनाने और लंबित प्रकरणों के निराकरण में मदद मिली है।
स्पेशल कैंपेन 6 के अंतर्गत ई-वेस्ट प्रबंधन और ‘वेस्ट टू वेल्थ’ पहल पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर में पुराने और अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के संग्रहण के लिए विशेष ई-वेस्ट बिन स्थापित किया गया है। खास बात यह है कि इस बिन का निर्माण भी अनुपयोगी सामग्री से किया गया है। कंपनी के विभिन्न संचालन क्षेत्रों में ई-वेस्ट संग्रहण और जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।
उल्लेखनीय है कि स्पेशल कैंपेन 6 का क्रियान्वयन चरण 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य कार्यस्थलों में स्वच्छता को बढ़ावा देना, अनुपयोगी सामग्री का निपटान, उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग, रिकॉर्ड प्रबंधन में सुधार और लंबित मामलों का निराकरण करना है। एसईसीएल ने अभियान की निर्धारित अवधि समाप्त होने से पहले ही कई प्रमुख लक्ष्यों को पार कर लिया है।




