Entertainment

​स्टार प्लस के शो ‘तारा’ फेम कनिका कपूर ने साझा किया अपना प्रेरणादायक सफर; शो में ‘युवराज’ संग अपनी खास केमिस्ट्री पर भी की बात

जब से स्टार प्लस ने अपने आने वाले शो ‘तारा’ की घोषणा की है और इसके प्रोमो सामने आने लगे हैं, दर्शकों के बीच इसे लेकर काफी उत्साह है। शो की दिलचस्प कहानी और मुख्य कलाकारों कुशाल आहूजा (युवराज) और कनिका कपूर (तारा) की वजह से लोग इसे देखने का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं। यह कहानी दो ऐसे किरदारों की है जो अलग-अलग सामाजिक पृष्ठभूमि से आते हैं, लेकिन उनके बीच का गहरा भावनात्मक जुड़ाव धीरे-धीरे प्यार में बदल जाता है। ‘तारा’ हिम्मत, दोस्ती और समाज की बंदिशों के बीच बदलते रिश्तों की एक भावुक दास्तां है।

तारा का किरदार निभा रहीं कनिका कपूर ने शो पर काम करने के अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “मैं बहुत उत्साहित हूँ कि ‘तारा’ आखिरकार दर्शकों तक पहुँच रहा है। टेलीविजन में समाज पर गहरा असर डालने की ताकत है। तारा खुद मानसिक रूप से बहुत मजबूत और अपनी उम्र से ज़्यादा समझदार है क्योंकि उसने बचपन से ही संघर्ष देखा है। मुश्किलों ने ही उसे निडर बनाया है और भगवान पर उसका भरोसा उसे हर कठिन मोड़ पर आगे बढ़ने की ताकत देता है।”

कनिका ने युवराज के साथ अपने रिश्ते पर भी बात की, जो वक्त के साथ बदलता नजर आएगा, “युवराज के साथ तारा का रिश्ता बहुत खूबसूरत है क्योंकि वे साथ ही बड़े हुए हैं। तारा की नानी युवराज के घर काम करती हैं, इसलिए उनकी दोस्ती सालों के भरोसे और सुकून पर टिकी है। एक बस्ती से शुरू हुआ तारा का यह सफर उम्मीद है कि लोगों को प्रेरित करेगा और समाज के ऊंच-नीच के भेदभाव को कम करने में मदद करेगा।”

स्टार प्लस के साथ अपने पुराने रिश्ते को याद करते हुए कनिका ने बताया कि उन्होंने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत इसी चैनल के रियलिटी शो ‘इंडियाज़ नेक्स्ट सुपरस्टार्स’ से की थी। उन्होंने कहा कि वह हमेशा स्टार प्लस की शुक्रगुज़ार रहेंगी क्योंकि इसी मंच ने उन्हें एक कलाकार के तौर पर तैयार किया।

‘तारा’ प्यार और जुनून की एक ऐसी कहानी है जो समाज की बनाई दीवारों को चुनौती देती है। देखना न भूलें ‘तारा’, 10 मार्च से रात 8 बजे, सिर्फ स्टार प्लस पर।

Related Articles

Back to top button