Chhattisgarh

सुसाइड UPDATE:फर्जी पुलिस बनकर युवक को चौकी बुलाने की धमकी, डर से युवक ने लगा ली फांसी,video में देखें आरोपी ने क्या बताया…

0.वीडियो वायरल होने के बाद जांच में हुआ खुलासा, एसपी की तत्परता से मुख्य आरोपी गिरफ्तार

कोरबा/जांजगीर-चाम्पा। उरगा थाना क्षेत्र में युवक द्वारा वीडियो बनाकर आत्महत्या करने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। प्रारंभिक तौर पर जिस घटना को पंतोरा चौकी पुलिस की कथित प्रताड़ना से जोड़कर देखा जा रहा था, जांच में मामला इसके विपरीत निकला। जांजगीर-चाम्पा पुलिस ने जांच के बाद फर्जी पुलिस बनकर युवक को धमकाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जांजगीर-चाम्पा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) ने बताया कि 13 मार्च 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें मृतक सनत कुमार कश्यप (25 वर्ष) पिता धनीराम कश्यप, निवासी चोरभट्टी थाना मुलमुला जिला जांजगीर-चाम्पा, हाल मुकाम अशोक लीलैंड वर्कशॉप ग्राम पताढ़ी थाना उरगा, ने आत्महत्या से पहले पंतोरा चौकी पुलिस पर फोन कर गाली-गलौज और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि कोरबा के गेवरा बस्ती निवासी सचिन खरे (30 वर्ष) की बहन स्नेहा खरे (21 वर्ष) 12 मार्च को कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी और देर रात तक वापस नहीं लौटी। खोजबीन के दौरान सचिन खरे को पता चला कि वह अपने रिश्तेदार धीरेन्द्र पाटले के साथ गई है।

इस पर सचिन खरे ने धीरेन्द्र पाटले के दोस्त और मृतक सनत कश्यप को डराने के उद्देश्य से अपने मामा के बेटे शैलेन्द्र पाटले के मोबाइल नंबर से फोन किया। उसने खुद को जांजगीर-चाम्पा जिले की पंतोरा चौकी का पुलिसकर्मी बताते हुए सनत कश्यप को गाली-गलौज करते हुए थाने आने के लिए कहा। फोन पर मिली इस धमकी से सनत कश्यप अत्यधिक तनाव में आ गया और उसने उरगा क्षेत्र में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मामले की जांच के बाद जांजगीर-चाम्पा पुलिस ने आरोपी सचिन खरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इस संबंध में थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 113/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 204 (क्षद्म प्रतिरूपण) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

इधर आरोपी की बहन स्नेहा खरे की गुमशुदगी की रिपोर्ट कोरबा जिले के कुसमुंडा थाने में दर्ज है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button