Chhattisgarh

साडा स्कूल में रासेयो की पहल: राहगीरों के लिए प्याऊ सेवा शुरू

कोरबा, 10 अप्रैल 2026। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, साडा (टीपी नगर) की राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाई द्वारा विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने राहगीरों के लिए प्याऊ सेवा का शुभारंभ किया गया। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराना है।

प्याऊ घर का शुभारंभ रासेयो की कार्यक्रम अधिकारी सविता पाठक एवं सह-प्रभारी रेणुका लदेर के मार्गदर्शन में स्वयंसेविकाओं द्वारा किया गया। उद्घाटन के बाद प्याऊ को आमजन के उपयोग हेतु समर्पित कर दिया गया।

विद्यालय के प्राचार्य रणधीर सिंह ने इस अवसर पर कहा कि प्याऊ की स्थापना से राहगीरों को गर्मी में काफी राहत मिलेगी। उन्होंने रासेयो इकाई के इस प्रयास को सराहनीय बताते हुए इसे सामाजिक सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

कार्यक्रम में कॉलोनी निवासी आर्किटेक्ट इंजीनियर अरविंद साहू, वरिष्ठ व्याख्याता इंदु चंद्रवंशी, अनिल शर्मा, गरिमा थवाईत, विनय साहू सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button