Madhyapradesh

साइबर अपराध पर जागरूकता व्याख्यान माला संपन्न: विद्यार्थियों को ठगी से बचाव के उपाय बताए

राजगढ़ (धार)। श्री राजेंद्र सूरि शासकीय महाविद्यालय, सरदारपुर में 6 नवंबर 2025 को “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत साइबर अपराध जागरूकता विषय पर व्याख्यान माला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एल.एस. अलावा ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि डिजिटल युग में जागरूक रहना ही सुरक्षा की पहली शर्त है।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में थाना प्रभारी राजगढ़ (धार) दीपक सिंह चौहान उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के प्रति प्रेरित किया। श्री चौहान ने कहा कि हर विद्यार्थी को अपना परिचय पत्र साथ रखना चाहिए और अपने कैरियर के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। उन्होंने डिजिटल प्रिंट की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने और अनजान कॉल या लिंक को कभी भी अटेंड न करने की सलाह दी।

उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए बताया कि ऑनलाइन खरीदारी केवल विश्वसनीय प्लेटफार्म जैसे फ्लिपकार्ट, अमेज़ॉन, स्नैपडील, मिंत्रा और मीशो आदि के माध्यम से करनी चाहिए। फ्रॉड कॉल, फेक विज्ञापन और संदिग्ध वेबसाइट से दूर रहने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता और सतर्कता है।

वाणिज्य विभागाध्यक्ष एवं देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर के वाणिज्य अध्ययन मंडल के अध्यक्ष प्रो. आर.के. जैन ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने विद्यार्थियों को चेताया कि वे किसी भी फर्जी कॉल, लिंक या विज्ञापन पर भरोसा न करें। उन्होंने कहा कि ठगी की घटनाएं अक्सर लापरवाही का परिणाम होती हैं, इसलिए हर डिजिटल क्रिया में सावधानी जरूरी है।

कला संकाय विभागाध्यक्ष प्रो. सरिता जैन ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे निसंकोच महाविद्यालय की महिला प्राध्यापिकाओं से चर्चा करें।

कार्यक्रम में 80 से अधिक विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और श्री चौहान से साइबर सुरक्षा से संबंधित प्रश्न पूछे। इस अवसर पर डॉ. बी.एस. बघेल, प्रो. सुरेंद्र रावत, डॉ. राकेश शिंदे, प्रो. प्रियंका चंगोड़, डॉ. निधि बाजपेई, डॉ. रीना खांडेकर, डॉ. बसंती मुझाल्दा, श्रीमती लालिमा विजयवर्गीय, श्रीमती अंजली भाटी, श्रीमती विजया दरबार, श्री महेंद्र अलावा, श्री दिपेश डांगी, श्री महेश उपाध्याय, श्री कमलेश चौहान, श्री अजय राठौर, श्रीमती बिंदु गोखले, श्री योगेश सांकला, श्रीमती मीना अलावा और कु. खुशी गेहलोत सहित कई शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. डी.एस. मुझाल्दा ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. ममता दास द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें डिजिटल युग में सतर्क रहने के लिए प्रेरित करना रहा।

Related Articles

Back to top button