Chhattisgarh

सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ, नोडल कार्यालय में फहराया गया सहकारिता ध्वज, 29 जून से 6 जुलाई तक जिलेभर में होंगे विविध कार्यक्रम

कोरबा, 29 जून। राज्य एवं केंद्र सरकार के सहकारिता मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले में सोमवार से सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ किया गया। यह सप्ताह 29 जून से 6 जुलाई तक मनाया जाएगा। जिले की सभी 60 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) तथा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की आठों शाखाओं में ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई।

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बिलासपुर के अंतर्गत नोडल कार्यालय, शाखा कोरबा में आयोजित मुख्य समारोह में भारतीय जनता पार्टी सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक बृजेंद्र शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण से किया गया। इसके बाद सहकारिता ध्वज फहराकर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं किसानों ने सहकारिता गीत गाया और सहकारिता के सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला कार्यकारिणी सदस्य अमित पटेल, कमलेश प्रधान तथा सदस्य ब्रजेश कुमार यादव सहित सहकारिता क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक, जिला क्षेत्र कोरबा के नोडल अधिकारी सुशील कुमार जोशी, सहायक नोडल अधिकारी मुकेश पटेल, शाखा प्रबंधक (कोरबा) सरिता पाठक, पर्यवेक्षक जमाल खान, बैंक स्टाफ कुशल तिवारी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं सहकारी समितियों से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।

वक्ताओं ने कहा कि सहकारिता आंदोलन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने तथा आत्मनिर्भरता की भावना को बढ़ावा देने के लिए सहकारिता को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है। सप्ताह भर जिलेभर में सहकारिता जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button