सहकारिता प्रकोष्ठ में डॉ. गीता सिंह को प्रदेश कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी, सामाजिक कार्यकर्ताओं और महिलाओं में खुशी

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी के सहकारिता प्रकोष्ठ में बिलासपुर की समाजसेवी डॉ. गीता सिंह को प्रदेश कोषाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और संगठन मंत्री पवन साय के मार्गदर्शन में सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रवीण कुमार दुबे द्वारा की गई है। इस नियुक्ति के बाद संगठन के कार्यकर्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और महिला समूहों में खुशी का माहौल देखा जा रहा है।
डॉ. गीता सिंह लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रही हैं। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं के सशक्तिकरण, स्व-सहायता समूहों को मजबूत करने और विभिन्न सामाजिक अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। समाजसेवा के क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान, संगठनात्मक क्षमता और सक्रियता को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। माना जा रहा है कि उनके अनुभव से सहकारिता प्रकोष्ठ की गतिविधियों को नई दिशा और गति मिलेगी।
डॉ. गीता सिंह की नियुक्ति की खबर मिलते ही मध्यान्ह भोजन रसोइया कल्याण संघ और बिहान योजना से जुड़ी महिलाओं में भी काफी उत्साह देखा गया। रसोइया कल्याण संघ की जिलाध्यक्ष संतोषी कौशिक ने कहा कि डॉ. गीता सिंह को प्रदेश स्तर पर यह जिम्मेदारी मिलने से संगठन को मजबूती मिलेगी और महिला समूहों से जुड़े मुद्दों को प्रदेश स्तर तक प्रभावी ढंग से उठाने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि डॉ. गीता सिंह हमेशा से महिलाओं के अधिकारों और उनके आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कार्य करती रही हैं। ऐसे में उनके नेतृत्व से निश्चित रूप से सहकारिता प्रकोष्ठ के कार्यों को नई ऊर्जा मिलेगी।
इस अवसर पर कृष्णा कंवर, शांति बाई, अन्नपूर्णा (चांपा), लक्ष्मी महंत, सुनीता मिरी (कोरबा), विनोद खांडे (बिलासपुर), गायत्री साहू (कांकेर) और रूखमणी पांडे (सिवनी) सहित बिहान से जुड़ी टीम लीडरों ने भी डॉ. गीता सिंह को बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
सभी ने विश्वास जताया कि डॉ. गीता सिंह अपने अनुभव, समर्पण और नेतृत्व क्षमता के साथ सहकारिता प्रकोष्ठ को मजबूत करने के साथ-साथ महिला स्व-सहायता समूहों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।




