Utterpradesh

सबकी समस्या का समाधान होगा! सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार की शिकायतें लेकर राहुल गांधी के पास पहुंचे लोग, फिर नेता विपक्ष ने जो कहा…

रायबरेली. सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आवास भुएमऊ में आयोजित जनता दरबार में बुधवार को बड़ी संख्या में लोग अपनी-अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे. सुबह से ही सांसद आवास पर फरियादियों की भीड़ जुटने लगी थी. जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोगों ने राहुल गांधी से मुलाकात कर स्थानीय समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को उनके सामने रखा. जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं की जानकारी दी. कई लोगों ने व्यक्तिगत परेशानियों से भी सांसद को अवगत कराया. राहुल गांधी ने लोगों की बातें गंभीरता से सुनीं और उनकी समस्याओं के संबंध में आवश्यक जानकारी ली.लोगों ने बताया कि वे काफी समय से अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर रहे हैं. इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर वे अपनी बात सीधे सांसद तक पहुंचाने के लिए भुएमऊ स्थित सांसद आवास पहुंचे हैं.

जनता दरबार के दौरान कांग्रेस के जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी राहुल गांधी से मिलने पहुंचे. पार्टी कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों, क्षेत्र में पार्टी की स्थिति और आगामी कार्यक्रमों को लेकर उनसे चर्चा की. कार्यकर्ताओं ने स्थानीय स्तर पर जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने और संगठन को और सक्रिय बनाने की बात कही.

कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी को रायबरेली की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया. उन्होंने कहा कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, जल निकासी, स्वास्थ्य सुविधाओं और रोजगार से जुड़े कई मुद्दे अभी भी समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं. नेताओं ने सांसद से इन समस्याओं को संबंधित विभागों और संसद में उठाने का आग्रह किया.

जनता दरबार में समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता भी राहुल गांधी से मिलने पहुंचे. सपा नेताओं ने रायबरेली की जनसमस्याओं और विकास से जुड़े विषयों पर सांसद के साथ बातचीत की. उन्होंने क्षेत्र की जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी बात रखी और संयुक्त रूप से जनहित के सवालों को उठाने पर जोर दिया. सपा नेताओं का कहना था कि रायबरेली में विकास कार्यों को गति देने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार के स्तर पर प्रभावी पहल की आवश्यकता है. उन्होंने जिले की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके स्थायी समाधान के लिए प्रयास करने का अनुरोध किया.

राहुल गांधी ने जनता दरबार में आए लोगों से बारी-बारी मुलाकात की. उन्होंने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित मामलों में अधिकारियों से बात कर समाधान कराने का आश्वासन दिया. सांसद ने कहा कि जनता की समस्याओं को अनदेखा नहीं किया जाएगा और रायबरेली के विकास और लोगों की सुविधाओं के लिए लगातार प्रयास जारी रहेगा.

Related Articles

Back to top button