Chhattisgarh

सपनों की उड़ान, अब अपनी पहचान : गिन्दोला की लखपति दीदी जीना देवी डहरिया ने हौसलों से साबित किया पहचान

बलौदा बाजार भाटापारा,13 मार्च 2026 । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरगामी ‘लखपति दीदी योजना’ आज ग्रामीण भारत की महिलाओं के लिए न केवल आर्थिक संबल बनी है, बल्कि उनके सपनों को नई उड़ान भी दे रही है। इसका एक जीवंत उदाहरण ग्राम गिन्दोला की जीना देवी डहरिया हैं, जिन्होंने बिहान समूह से जुड़कर अपने जीवन की दिशा ही बदल दी। अब खुद की पहचान एक आत्मनिर्भर महिला के रूप में स्थापित कर चुकी हैं।

पति श्री प्रेमप्रकाश डहरिया के साथ मिलकर एक साधारण जीवन जीने वाली जीना देवी के पास कभी सीमित संसाधन थे, लेकिन उनके भीतर आत्मनिर्भर बनने का अटूट संकल्प था। बिहान समूह के माध्यम से मिली सहायता और सही मार्गदर्शन ने उन्हें वह मंच प्रदान किया, जहाँ से उन्होंने अगरबत्ती और दोना-पत्तल बनाने का छोटा सा कार्य शुरू किया। जिसे समाज कभी एक मामूली काम समझता था, जीना देवी ने अपनी मेहनत और लगन से उसे एक सफल व्यवसाय में बदल दिया।

आज जीना देवी न केवल अपने परिवार की आर्थिक धुरी हैं, बल्कि वे हर महीने 20 से 25 हजार रुपए की सम्मानजनक आय अर्जित कर रही हैं। बीते 5 वर्षों में उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर कुल 3.50 लाख रुपए की आय प्राप्त की है, जो ग्रामीण परिवेश की किसी भी महिला के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उनकी इस सफलता ने उन्हें गांव में एक नई पहचान दी है और वे अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई हैं।

भावुक मन से अपनी इस यात्रा को साझा करते हुए जीना देवी कहती हैं कि यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उन योजनाओं के कारण संभव हुआ है, जिन्होंने गांव की महिलाओं को सशक्त बनाने का बीड़ा उठाया है। वे अपनी इस खुशहाली के लिए शासन और प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त करती हैं, क्योंकि आज वे गर्व से कह सकती हैं कि वे एक स्वावलंबी ‘लखपति दीदी’ हैं।

Related Articles

Back to top button