Chhattisgarh

सक्ती में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ ASI एस.एन. मिश्रा

सक्ती, 10 मई । जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) बिलासपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चंद्रपुर थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी की इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। आरोपी एएसआई पर केस में कड़ी कार्रवाई से बचाने के नाम पर कुल 40 हजार रुपए रिश्वत मांगने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बालपुर थाना चंद्रपुर जिला सक्ती निवासी शिव प्रसाद बरेठ ने एसीबी कार्यालय बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम बालपुर की सरस्वती जायसवाल द्वारा उसके और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट थाना चंद्रपुर में दर्ज कराई गई थी। इस मामले में राहत देने और सख्त कार्रवाई से बचाने के लिए थाना चंद्रपुर में पदस्थ ASI एस.एन. मिश्रा द्वारा 40 हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही थी।

प्रार्थी ने एसीबी को बताया कि वह रिश्वत नहीं देना चाहता, बल्कि आरोपी अधिकारी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी बिलासपुर की टीम ने मामले का सत्यापन कराया। जांच में शिकायत सही पाई गई। सत्यापन के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी एस.एन. मिश्रा पहले ही 20 हजार रुपए की पहली किश्त ले चुका था और बाकी 20 हजार रुपए की मांग कर रहा था।

इसके बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना तैयार की। तय योजना के अनुसार शनिवार 10 मई 2026 को प्रार्थी ने आरोपी एएसआई को चंद्रपुर स्थित गुड्डू ढाबा में शेष रकम देने के लिए बुलाया। जैसे ही आरोपी ने 20 हजार रुपए रिश्वत के तौर पर लिए, पहले से मौजूद एसीबी बिलासपुर की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।

एसीबी सूत्रों के अनुसार, आरोपी एएसआई एस.एन. मिश्रा के खिलाफ लगातार रिश्वतखोरी की शिकायतें मुखबिरों के माध्यम से मिल रही थीं। फिलहाल आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है। एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

गौरतलब है कि एसीबी द्वारा प्रदेशभर में भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सक्ती जिले में यह बड़ी कार्रवाई की गई। एसीबी ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो उसकी तत्काल सूचना एसीबी को दें, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button