Chhattisgarh

श्री राम जानकी गोपीनाथ मंदिर में शिव परिवार स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा समारोह संपन्न

रायपुर, 11 फरवरी 2026। पुरानी बस्ती स्थित श्री राम जानकी गोपीनाथ मंदिर के नवनिर्मित शिवालय में शिव परिवार स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा समारोह श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ आयोजित किया गया। फाल्गुन कृष्ण नवमी के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

समारोह के तहत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत हवन-पूजन कराया गया। अनुष्ठान पूर्ण होने के बाद भगवान शिव की आरती उतारी गई और भक्तों ने सामूहिक रूप से “ओम जय शिव ओंकारा, भोले जय शिव ओंकारा, ब्रह्मा विष्णु सदाशिव अर्धांगी धारा” स्तुति का गायन किया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति का वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम की समाप्ति पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया गया तथा भोग-भंडारे का आयोजन भी रखा गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।

समारोह में महामंडलेश्वर राजेश्री महंत रामसुंदर दास, पूर्व कैबिनेट मंत्री सत्यनारायण शर्मा, अजय तिवारी, महेंद्र अग्रवाल, सुरेश शुक्ला, चंद्रकांत यदु, आलोक पांडे, निर्मल दास वैष्णव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मंदिर समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button