श्री गोविंद राम मित्तल की पुण्यतिथि पर दीपका में छाछ वितरण, राहगीरों को गर्मी से मिली राहत

कोरबा। भीषण गर्मी और नौतपा के प्रकोप के बीच दीपका क्षेत्र में मानव सेवा और सामाजिक सरोकार की एक सराहनीय मिसाल देखने को मिली। स्वर्गीय श्री गोविंद राम मित्तल जी की पांचवीं पुण्यतिथि के अवसर पर उनके सुपुत्रों द्वारा श्रद्धांजलि स्वरूप राहगीरों एवं यात्रियों के लिए छाछ वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस सेवा कार्य का आयोजन गीता सुपरमार्ट एवं गीता बुक डिपो के संचालक मुकेश मित्तल, राकेश मित्तल एवं महेश मित्तल द्वारा किया गया।
दीपका के मुख्य मार्ग पर आयोजित इस सेवा शिविर में बड़ी संख्या में राहगीरों, मजदूरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को ठंडी छाछ वितरित की गई। नौतपा की तेज गर्मी के बीच लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। सुबह से शुरू हुए इस सेवा कार्य में लगातार लोगों की भीड़ जुटती रही और सभी को व्यवस्थित रूप से छाछ उपलब्ध कराई गई।
मित्तल परिवार ने बताया कि स्वर्गीय गोविंद राम मित्तल हमेशा समाज सेवा और जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रेरित करते थे। उनकी स्मृति में हर वर्ष सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस बार भीषण गर्मी को देखते हुए छाछ वितरण का निर्णय लिया गया ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और पुण्य आत्मा को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की जा सके।
कार्यक्रम में क्षेत्र के कई व्यापारी मित्रों एवं सामाजिक लोगों ने भी सक्रिय सहयोग किया। सभी ने मिलकर सेवा कार्य में सहभागिता निभाई और लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाने का प्रयास किया। स्थानीय नागरिकों ने मित्तल परिवार की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा और सद्भावना का संदेश देते हैं।
पूरे आयोजन के दौरान सेवा भाव और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। राहगीरों ने छाछ ग्रहण कर मित्तल परिवार को धन्यवाद दिया तथा स्वर्गीय गोविंद राम मित्तल जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।




