Chhattisgarh

शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी: फरार आरोपी पीयूष जायसवाल के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी, सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय

जांजगीर-चांपा। शेयर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों रुपये की कथित ठगी करने के मामले में फरार आरोपी पीयूष जायसवाल के खिलाफ भारत सरकार के गृह मंत्रालय (Ministry of Home Affairs) के माध्यम से लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। जांजगीर-चांपा पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और आम लोगों से भी उसकी सूचना देने की अपील की है।

पुलिस के अनुसार, पीयूष जायसवाल (21 वर्ष), पिता पारेश्वर जायसवाल, निवासी ग्राम पोडीशकर, थाना बम्हनीडीह, जिला जांजगीर-चांपा ने बम्हनीडीह, चांपा, कोरबा सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का लालच देकर बड़ी रकम निवेश कराई। बाद में करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी कर वह फरार हो गया।

मामले में आरोपी के खिलाफ थाना बम्हनीडीह में अपराध क्रमांक 87/2024 के तहत भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 420, 406 और 34 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया था। वहीं थाना चांपा में अपराध क्रमांक 152/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 316(2), 111(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में अभियोग पत्र भी प्रस्तुत किया था, लेकिन इसके बाद से वह लगातार न्यायालय में अनुपस्थित रहा। आरोपी की गैरहाजिरी को गंभीरता से लेते हुए थाना चांपा के प्रकरण में स्थायी गिरफ्तारी वारंट तथा थाना बम्हनीडीह के मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है।

इतना ही नहीं, बिलासपुर न्यायालय से परक्राम्य लिखत अधिनियम (Negotiable Instruments Act) की धारा 138 के मामले में भी आरोपी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी है। वहीं कोरबा न्यायालय से प्रकरण क्रमांक 5341, 5340, 5339 और 5342 में भी गिरफ्तारी वारंट जारी किए जा चुके हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के लंबे समय से फरार रहने और न्यायालय में पेश नहीं होने के कारण गृह मंत्रालय के माध्यम से उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कराया गया है। इसके बाद देश के सभी एयरपोर्ट, बंदरगाह और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर उसकी आवाजाही पर निगरानी रखी जाएगी, ताकि उसके विदेश भागने या देश से बाहर जाने की किसी भी कोशिश को रोका जा सके।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि फरार आरोपी पीयूष जायसवाल के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम जांजगीर-चांपा (94791-93199) या थाना चांपा प्रभारी (79874-60292) को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Back to top button