Chhattisgarh

शिवरीनारायण मेले के आकाश झूले का केबिन गिरा, लोहे का पट्टा लगने से दो युवतियां गंभीर घायल, बिलासपुर रेफर

जांजगीर चांपा। शिवरीनारायण मेला ग्राउंड में लगे आकाश झूले में बड़ा हादसा हो गया, जहां झूले के एक केबिन से जुड़ा लोहे का पट्टा अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा। हादसे के समय दो युवतियां टिकट काउंटर पर टिकट ले रही थीं, तभी ऊपर से गिरा लोहे का पट्टा उनके सिर पर आ लगा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मेला परिसर में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आकाश झूले का संचालन जारी था, इसी दौरान झूले के एक केबिन का हिस्सा अचानक नीचे गिर गया। लोहे का पट्टा सीधे टिकट काउंटर के पास आकर गिरा, जहां खड़ी दोनों युवतियां उसकी चपेट में आ गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए एंबुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही गोपाल एंबुलेंस सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घायल युवतियों की पहचान चंद्रकांता कश्यप (उम्र 15 वर्ष) एवं भूमिका कश्यप (उम्र 21 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम मलदा, हसौद के रूप में हुई है।

डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।

मामले में टीआई राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। झूला संचालक तथा सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button