Chhattisgarh

शिवरीनारायण में नारी शक्ति स्वच्छता दौड़ का आयोजन, महिलाओं ने दिया स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त शहर का संदेश

जांजगीर-चांपा, 09 मार्च । जिले के शिवरीनारायण में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नारी शक्ति स्वच्छता दौड़ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया। स्व सहायता समूह की महिलाएं, छात्राएं, महिला स्वच्छता कर्मी और स्वच्छता सखियों सहित नगर की महिलाओं ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह नगर पंचायत परिसर से हुई। स्वच्छता दौड़ नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नटराज चौक, बॉम्बे मार्केट और थाना चौक के रास्ते मध्यनगरी चौक तक आयोजित की गई। इस दौरान कलेक्टर जन्मेजय महोबे, नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल थवाईत, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, महिलाओं और नागरिकों ने मार्ग में पड़े कचरे का संग्रह करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। महिलाओं ने रास्ते में चिन्हित स्थानों पर सफाई कर कचरा एकत्रित किया और दुकानदारों तथा नागरिकों से प्लास्टिक बैग का उपयोग नहीं करने तथा डस्टबिन का इस्तेमाल करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता से जुड़े कार्यों में सक्रिय महिला स्वच्छता कर्मियों, स्वच्छता सखियों तथा प्लास्टिक मुक्त पहल अपनाने वाले दुकानदारों को सम्मानित किया गया। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सभी को शहर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए डेमो स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को घर से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की जानकारी भी दी गई।

नागरिकों की सुविधा के लिए शिवरीनारायण में स्वच्छता से जुड़ी शिकायतों और समस्याओं के समाधान हेतु हेल्पलाइन नंबर 9340236903 भी जारी किया गया है। अब नागरिक कचरा उठाव, गंदगी, नाली जाम या अन्य स्वच्छता संबंधी समस्याओं की जानकारी इस नंबर पर देकर शिकायत दर्ज करा सकेंगे, जिनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि नारी शक्ति अपनी मेहनत के बल पर समाज में सम्मान प्राप्त करती है और आज समाज में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शिवरीनारायण जैसे पवित्र और धार्मिक महत्व वाले नगर को स्वच्छता के क्षेत्र में एक आदर्श स्थान दिलाना हम सभी का सामूहिक लक्ष्य होना चाहिए। स्वच्छता से बढ़कर कोई सेवा नहीं है और इसे जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाना आवश्यक है।

उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जिस तरह लोग अपने घर को साफ-सुथरा रखते हैं, उसी तरह अपने शहर को भी स्वच्छ बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। प्रत्येक घर में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की व्यवस्था की जानी चाहिए, जिससे नगर पालिका द्वारा नियमित संग्रहण और उचित निस्तारण किया जा सके।

कलेक्टर ने सड़कों, गलियों और घाटों पर कचरा न फैलाने की अपील करते हुए सफाई कर्मियों को “स्वच्छता सैनिक” की संज्ञा दी और कहा कि समाज में उनके योगदान का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से कहा कि जब स्वच्छता कर्मी घर-घर कचरा लेने आएं तो उनका सम्मान करें और उन्हें धन्यवाद दें। साथ ही प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और कपड़े के थैले का उपयोग करने की भी अपील की।

कार्यक्रम में पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता कर्मी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Related Articles

Back to top button