शिवरीनारायण पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 20 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिवरीनारायण पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 20 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी राजकुमार यादव (50 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 05 तिवारीपारा खरौद, थाना शिवरीनारायण के विरुद्ध कार्रवाई की गई। आरोपी के कब्जे से दो प्लास्टिक जरकिन में भरी कुल 20 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 2000 रुपए बताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में जिले में अवैध शराब बिक्री पर अंकुश लगाने चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) सतरूपा तारम के मार्गदर्शन में शिवरीनारायण पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
इसी क्रम में 20 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रेड कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान आरोपी के कब्जे से अवैध शराब बरामद की गई। मामले में थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 99/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर उसी दिन न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक तारिकेश पाण्डेय, आरक्षक प्रवीण साहू, नितिन द्विवेदी सहित थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रखने की बात कही गई है।




