Chhattisgarh

शिव जी की बारात निकली, झांकियों ने मोहा मन..हर कोई भोलेनाथ का आशीर्वाद पाने अनुष्ठान में जुटा रहा

कोरबा । रविवार को पूरा क्षेत्र शिव की आस्था में डूबा रहा। शिवालयों में पूजन अभिषेक करने भक्तों की लंबी कतार लगी रही। हर कोई भोलेनाथ का आशीर्वाद पाने अनुष्ठान में जुटा रहा। व्रत रखकर तो कोई शिवालयों में जुटने वाले भक्तों की सेवा कर पुण्य के भागी बने। महाशिवरात्रि पर भगवान शिव व माता पार्वती को पूजने लोगों में पूरे दिन उत्साह रहा। देर शाम तक अभिषेक, अनुष्ठान का दौर चला। शहर में भगवान भोलेनाथ की बारात उल्लास के साथ निकाली गई, जिसमें शहरवासियों के साथ ही अन्य राज्यों से आए नृत्य नाटिका के कलाकारों ने विभिन्न देवी-देवताओं के साथ गणों का स्वरूप धारण कर शामिल हुए। मनभावन झांकियों लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र रही। प्राचीन महादेव मंदिर पाली व कनकेश्वरधाम कनकी में दूर-दूर से भक्तों ने पहुंचकर पूजा अभिषेक किया।

शिव पार्वती विवाह का दो दिवसीय आयोजन श्री श्री शिव परिवार काली मंदिर दुरपा रोड ने किया। समिति द्वारा आयोजन के 11वें वर्ष को यादगार बनाने नृत्य नाटिका के लिए काशी, मथुरा, कानपुर और पंजाब के कलाकारों की टीम को आमंत्रित किया था, जिनकी मौजूदगी में सुनालिया चौक स्थित शिव मंदिर में पूजा विधान के साथ शाम 5 बजे बारात निकाली गई। बारात में माता पार्वती, भगवान शंकर, बाल भोलेनाथ, राजा दक्ष के गणों की झांकी शामिल रही। इस बार आयोजन समिति ने भगवान भोलेनाथ व माता पार्वती को नंदी पर बिठाकर बारात निकाली।

बारात की अगुवाई छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य करमा की महिला नर्तक दल कर रही थी। धुमाल पार्टी, डीजे व आकर्षक लाइटिंग शामिल की गई थी। बारात सुनालिया शिव मंदिर से शुरू होकर पावर हाउस रोड होते हुए श्री राम मंदिर पुराना बस स्टैंड में देव पूजन के बाद विवाह स्थल मां काली मंदिर परिसर दुरपा रोड पहुंची।

भंडारा और जागरण आज 16 फरवरी को काली मंदिर दुरपा रोड में सुबह 11 से शाम 4 बजे तक भोग- भंडारा होगा। शाम 7 बजे से भव्य झांकियों के साथ जागरण का कार्यक्रम होगा। जिसमें बाहर से आए कलाकारों के द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। श्री श्री शिव परिवार नगरवासियों से भोलेनाथ के बारात, विवाह, भंडारा और भव्य जागरण में शामिल होने का आह्वान किया है।

Related Articles

Back to top button