Chhattisgarh

शराब के नशे में पति ने पत्नी की बांस के डंडे से पीट-पीटकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

सारंगढ़-बिलाईगढ़,14 जुलाई। बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गोविंदवन में घरेलू विवाद के दौरान एक पति ने अपनी पत्नी की बांस के डंडे से बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर सारंगढ़ उप जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई को ग्राम गोविंदवन निवासी परमेश्वर साहू ने अपनी पत्नी देवंतीन साहू पर बांस के डंडे से सिर पर लगातार प्राणघातक वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बिलाईगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बिलाईगढ़ में भर्ती कराया।

प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बिलाईगढ़, एफएसएल टीम तथा थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। उपचार के दौरान महिला की मौत हो जाने पर प्रकरण में हत्या की धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) जोड़ दी गई।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी शराब के नशे में उसे और उसके परिजनों को गाली-गलौज कर रही थी। समझाने के बावजूद नहीं मानने पर, स्वयं भी शराब के नशे में होने के कारण उसने बांस के डंडे से पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी परमेश्वर साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में सारंगढ़ उप जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button