विश्व जैव विविधता दिवस: आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रकृति संरक्षण जरूरी – जितेंद्र सारथी

कोरबा। विश्व जैव विविधता दिवस के अवसर पर वाइल्ड लाइफ रेस्क्यू टीम के सदस्य जितेंद्र सारथी ने जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए जैव विविधता संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कोरबा जिला प्राकृतिक संपदा और जैव विविधता से समृद्ध एक अनमोल धरोहर है, जिसकी सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि कोरबा की हरी-भरी वन संपदा, कल-कल बहती नदियां, पर्वत श्रृंखलाएं, सुंदर जलाशय और वन्यजीव इस क्षेत्र की विशेष पहचान हैं। जिले के जंगलों में हाथियों का विचरण, दुर्लभ किंग कोबरा, तेंदुआ, भालू सहित विभिन्न प्रजातियों के पक्षी, तितलियां और अन्य जीव-जंतु यहां की समृद्ध जैव विविधता को दर्शाते हैं।
जितेंद्र सारथी ने कहा कि जैव विविधता केवल पर्यावरण की सुंदरता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानव जीवन के संतुलन, स्वच्छ जल, शुद्ध वायु, खाद्य सुरक्षा और प्राकृतिक आपदाओं से बचाव का महत्वपूर्ण आधार भी है। यदि प्रकृति और वन्यजीव सुरक्षित रहेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियां भी इस प्राकृतिक धरोहर का अनुभव कर सकेंगी।
उन्होंने लोगों से जंगलों की सुरक्षा, जल स्रोतों के संरक्षण और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने की अपील की। साथ ही कहा कि वाइल्ड लाइफ रेस्क्यू टीम लगातार वन्यजीव संरक्षण और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए कार्य कर रही है।
उन्होंने आमजन से आग्रह किया कि किसी भी वन्यजीव के संकट में होने पर स्वयं हस्तक्षेप करने के बजाय तत्काल वन विभाग या विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
विश्व जैव विविधता दिवस के अवसर पर उन्होंने सभी नागरिकों से प्रकृति, जंगल, जल स्रोत और वन्यजीवों की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया।




