विशेष आवश्यकता वाले स्काउट-गाइड बच्चों ने गौ सेवा धाम में किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

कोरबा। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला कोरबा से संबद्ध दिव्य ज्योति संस्थान विशेष विद्यालय की स्काउट-गाइड इकाई के विशेष आवश्यकता वाले बच्चों ने ग्राम कनबेरी स्थित श्री अग्रसेन गौ सेवा धाम में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संवर्धन का प्रेरक संदेश दिया। बच्चों ने पौधों की देखभाल का संकल्प लेते हुए गौ सेवा के माध्यम से सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का भी परिचय दिया।
कार्यक्रम के दौरान स्काउट-गाइड स्कार्फ धारण किए बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। उन्होंने स्वच्छ, हरित और सुरक्षित पर्यावरण के महत्व को समझते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद बच्चों ने गौशाला में गायों की सेवा कर करुणा, सेवा भाव और मानवीय मूल्यों को आत्मसात किया।
विशेष बात यह है कि छत्तीसगढ़ में कोरबा एकमात्र जिला है, जहां 100 से अधिक विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की कब, बुलबुल, स्काउट एवं गाइड इकाइयां नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता का विकास किया जा रहा है। साथ ही उन्हें सेवा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की भावना से भी जोड़ा जा रहा है।
इस अवसर पर इनर व्हील एजुकेशन सोसायटी की अध्यक्ष मनदीप भाटिया, सचिव तरजीत कौर, दिव्य ज्योति संस्थान की प्राचार्य रीता क्षेत्रपाल, महिंदर कौर, भारती अरोरा तथा लेडी स्काउट मास्टर कोयना सिंह ने कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चे भी समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण अभियानों में समान रूप से भागीदारी निभाकर दूसरों के लिए प्रेरणा बन सकते हैं।




