रायपुर में शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई, एक रात में 159 चालक पकड़े गए

रायपुर, 30 मार्च 2026।
सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस, रायपुर कमिश्नरेट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही रात में नशे में वाहन चलाने वाले 159 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है। यह कार्रवाई शहर के विभिन्न स्थानों पर चलाए गए विशेष सघन चेकिंग अभियान के दौरान की गई।
जानकारी के अनुसार, 29 मार्च की देर रात शहर के आठ स्थानों पर यह अभियान चलाया गया। अभियान पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) विकास कुमार के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। महज तीन से चार घंटे की कार्रवाई में 159 चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए, जो अब तक एक ही अभियान में की गई सबसे बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। इससे पहले अधिकतम 154 प्रकरण दर्ज किए गए थे।
यातायात पुलिस के मुताबिक वर्ष 2026 में अब तक नशे में वाहन चलाने के कुल 1,580 मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है, जो वर्ष 2025 के पूरे साल में दर्ज 1,537 मामलों से भी अधिक है। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान किसी आंकड़े को पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों की जान बचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शराब या किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। जरूरत पड़ने पर कैब, ऑटो या अन्य वैकल्पिक साधनों का उपयोग करें। साथ ही दोपहिया चालकों को हेलमेट और चारपहिया चालकों को सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करने, तेज गति से बचने और रात्रि में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के नियमित और आकस्मिक चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे। नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात संस्कृति विकसित करने में सहयोग की अपील की गई है।



