रायपुर में नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्ती, 10 दिनों में 614 चालक पकड़े गए; एक दिन में तेलीबांधा क्षेत्र से 86 वाहन चालक कार्रवाई की जद में

रायपुर, 09 मार्च । रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और नशे में वाहन चलाने वालों पर लगाम कसने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पिछले 10 दिनों में शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर सघन जांच अभियान चलाकर 614 नशेड़ी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल विकास कुमार के निर्देशन में यह अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार रायपुर शहर में हर साल सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 600 लोगों की मौत हो जाती है, जिनमें से कई मामलों में दुर्घटना का मुख्य कारण नशे की हालत में वाहन चलाना पाया जाता है। इसे देखते हुए पुलिस द्वारा नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 8 मार्च 2026 को थाना तेलीबांधा क्षेत्र में विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस ने क्षेत्र के छह अलग-अलग प्वाइंटों पर जांच अभियान चलाते हुए एक ही दिन में 86 नशे में वाहन चलाने वाले चालकों को पकड़कर उनके खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान कई महंगी गाड़ियां भी जांच के दायरे में आईं। इनमें ऑडी और बीएमडब्ल्यू जैसी लग्जरी कारों के चालक भी नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पाए गए, जिनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
रायपुर पुलिस ने शहर के नागरिकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय नशे का सेवन न करें। तेज रफ्तार और नशे के कारण लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से सबक लेने की जरूरत है। पुलिस ने कहा है कि सड़क पर आवागमन के दौरान स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें।




