रायपुर में अवैध हथियार के साथ दहशत फैला रहा युवक गिरफ्तार, राहगीरों को चाकू दिखाकर कर रहा था आतंकित

रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में अवैध हथियार लेकर राहगीरों में दहशत फैलाने वाले एक शातिर युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी धारदार चाकू लहराकर लोगों को भयभीत कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी को रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को विश्वस्त मुखबिर से सूचना मिली कि बृज नगर नई बस्ती के पास एक युवक अवैध रूप से धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टिकरापारा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी की घेराबंदी की। कुछ देर की मशक्कत के बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान द्वारिका बिसेन (19 वर्ष), पिता बंशी बिसेन, निवासी बृज नगर नई बस्ती, थाना टिकरापारा, रायपुर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ टिकरापारा थाना में अपराध क्रमांक 662/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
रायपुर पुलिस ने बताया कि शहर में बढ़ रही चाकूबाजी और अवैध हथियारों से जुड़ी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार सघन पेट्रोलिंग की जा रही है। पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन रॉबिनशन गुरिया, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा तथा सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल के निर्देश पर अवैध हथियार लेकर घूमने वाले और आम लोगों में भय का माहौल बनाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में टिकरापारा थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



