रायपुर में GATE परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर, 15 फरवरी। राष्ट्रीय स्तर की GATE परीक्षा में नकल कराने की साजिश का खुलासा करते हुए पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने की योजना बनाने वाले गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ थाना डीडी नगर में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
पुलिस को परीक्षा के दौरान कुछ व्यक्तियों द्वारा हाईटेक तरीके से नकल कराने की विश्वसनीय सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम में थाना डीडी नगर और एसीसीयू की संयुक्त इकाई को शामिल कर परीक्षा केंद्र के आसपास गोपनीय निगरानी शुरू की गई।

निगरानी के दौरान सरोना स्थित आयन डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र के पास कुछ लोग संदिग्ध हालत में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ पाए गए। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ और तलाशी ली, जिसमें नकल कराने में उपयोग किए जा रहे ब्लूटूथ आधारित सूक्ष्म उपकरण बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि परीक्षा केंद्र के अंदर बैठे अभ्यर्थियों को विशेष ब्लूटूथ डिवाइस दिए गए थे। अभ्यर्थी प्रश्न पढ़कर डिवाइस के जरिए बाहर बैठे साथियों तक पहुंचाते थे, जहां से गूगल सर्च कर उत्तर तैयार कर वापस ब्लूटूथ माध्यम से भेजे जाते थे। इस काम के बदले अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूली जाती थी।
पुलिस ने परीक्षा केंद्र प्रबंधन से संपर्क कर संदेहास्पद परीक्षार्थियों की भी जांच कराई, जिनके पास से भी ब्लूटूथ डिवाइस मिले। इसके बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ और संबंधित लोगों को पकड़ा गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 3 सूक्ष्म ब्लूटूथ ईयर डिवाइस, 4 अन्य ब्लूटूथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, 8 मोबाइल फोन, 3 सिम कार्ड सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकल से संबंधित सामग्री जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के झज्जर, फतेहाबाद और हिसार जिलों के रहने वाले छह व्यक्तियों के रूप में हुई है। सभी से पूछताछ जारी है। पुलिस के अनुसार प्रकरण में अन्य संलिप्त लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है और आगे और गिरफ्तारियां संभव हैं।




