रायपुर में 17 किलो गांजा के साथ उत्तर प्रदेश के दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर 7 से पकड़े गए

रायपुर, 13 फरवरी । रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन अंतर्गत थाना गुढ़ियारी पुलिस ने रेलवे पुलिस फोर्स (आरपीएफ) के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। संयुक्त टीम ने रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर 7 से 17 किलो 949 ग्राम गांजा के साथ उत्तर प्रदेश के दो अंतर्राज्यीय तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 9 लाख 27 हजार रुपये आंकी गई है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर के दिशा-निर्देश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने और अवैध खरीदी-बिक्री करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना स्तर पर लगातार सूचना संकलन और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया है।
पुलिस के अनुसार 12 फरवरी को थाना गुढ़ियारी की टीम को सूचना मिली कि दो व्यक्ति रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर 7 के पास बैग में गांजा रखकर कहीं जाने की फिराक में खड़े हैं। सूचना के सत्यापन के बाद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा ने तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
गुढ़ियारी थाना पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम राघवेन्द्र सिंह और झम्मन सिंह बताया, जो उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। बैग की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में गांजा मिला।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 45/2026 धारा 20बी नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ओड़िशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश तस्करी के लिए जा रहे थे। पुलिस आगे की पूछताछ और नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।




