Chhattisgarh

रायगढ़ में पुलिस स्मृति दिवस पर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि, 154 शहीद पुलिसकर्मियों के नामों का हुआ वाचन, शहीद परिवारों का सम्मान

रायगढ़, 21 अक्टूबर 2026। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को रायगढ़ जिले के रक्षित केंद्र उर्दना स्थित शहीद परेड ग्राउंड में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान देश की सुरक्षा और नागरिकों की सेवा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को नमन किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, एसएसपी शशि मोहन सिंह सहित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों को शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।

पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर आयोजित शहीद परेड में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच देश के विभिन्न राज्यों में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए विभिन्न रैंक के 154 पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और जवानों ने शहीदों के अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

शहीद परेड में दो प्लाटून शामिल रहीं। इनमें छठवीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की एक प्लाटून तथा जिला पुलिस बल रायगढ़ और सारंगढ़ की संयुक्त प्लाटून शामिल थी। प्रशिक्षु सूबेदार उदय चंद कोसले ने प्लाटून कमांडर की जिम्मेदारी निभाई। परेड कमांडर के निर्देश पर शोक शस्त्र की कार्रवाई की गई और जवानों ने सिर झुकाकर अमर शहीदों को नमन किया।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि अमर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करने के साथ उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं का ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि शहीद परिवारों के प्रति सम्मान और उनके कल्याण के लिए संवेदनशीलता के साथ निरंतर प्रयास करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस केवल शहीद जवानों के बलिदान को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि उनके परिवारों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का भी दिन है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित शहीद परिवारों से आत्मीय चर्चा कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली। साथ ही समस्याओं के शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

एसएसपी ने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस आमजन की सेवा, सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है। कार्यक्रम में शहीद परिवारों के आवागमन और स्वल्पाहार की विशेष व्यवस्था की गई। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी परिवारों को सम्मानपूर्वक उनके निवास स्थान तक पहुंचाया गया।

इस अवसर पर नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सलीम निहारिया, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बब्बन पठारे, वार्ड पार्षद आनंद भगत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात पुष्पेन्द्र बघेल, डीएसपी उन्नति ठाकुर, सीएसपी राहुल उइके, उत्तम प्रताप सिंह, सुशांतो बनर्जी, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह, निरीक्षक किशोर कुमार केरकेट्टा और कोतवाली थाना प्रभारी अमित तिवारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और पुलिस परिवारों के सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button