रायगढ़ में कबाड़ चोरी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार, 30 हजार का सामान बरामद

रायगढ़। जिले में चोरी और कबाड़ की आड़ में हो रही आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस ने सख्त अभियान चलाया है। इसी क्रम में तमनार थाना पुलिस ने लोहे के शेड से पाइप और आलवेस्टर सीट चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 30 हजार रुपये कीमत का चोरी गया सामान भी बरामद किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 फरवरी 2026 को ग्राम गारे निवासी विनोद राठिया (44 वर्ष) ने थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी जमीन पर बने लोहे के शेड से अज्ञात व्यक्तियों ने आलवेस्टर सीट और लोहे के पाइप चोरी कर लिए हैं। शिकायत के आधार पर थाना तमनार में अपराध क्रमांक 35/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तमनार पुलिस ने क्षेत्र में कबाड़ का काम करने वाले लोगों से पूछताछ और पतासाजी शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वशीकूल इस्लाम और जयराम बेहरा कबाड़ खरीदी-बिक्री की आड़ में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों संदेहियों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ग्राम गारे माइंस क्षेत्र के पास स्थित शेड से आलवेस्टर सीट और लोहे के पाइप चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर चोरी गया पूरा सामान बरामद कर जब्त किया गया। इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस टीम में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर, एएसआई शशिदेव भोय, प्रधान आरक्षक अनूप कुजूर, हेम प्रकाश सोन, पुष्पेंद्र सिदार सहित थाना स्टाफ शामिल रहा।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि जिले में कबाड़ की आड़ में चोरी करने वाले तथा चोरी का माल खरीदने-बेचने वालों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



