रायगढ़ पुलिस ने अवैध कबाड़ से भरे ट्रक और माजदा वाहन किया जब्त

रायगढ़, 22 फरवरी। जिले में अवैध कबाड़ के कारोबार पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रायगढ़ पुलिस ने खरसिया क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम टेमटेमा स्थित स्काई पावर प्लांट के पास संदिग्ध हालात में खड़े अवैध कबाड़ से भरे ट्रक और माजदा वाहन के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अवैध कबाड़ के संग्रहण और परिवहन पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस के अनुसार 21 फरवरी 2026 की शाम थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक राजेश जांगड़े को सूचना मिली कि स्काई पावर प्लांट के गेट के बाहर तीन संदिग्ध वाहनों में कबाड़ लोड कर खड़ा किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहनों की जांच की।
वाहन क्रमांक CG 13 N 7028 में चालक कुंभकरण सिदार मौजूद मिला। उससे दस्तावेजों की जांच करने पर परिवहन वैध पाया गया, जिसके बाद उसे जाने दिया गया।
हालांकि मौके पर खड़े ट्रक क्रमांक OR 06 H 7626 और माजदा वाहन क्रमांक CG 13 AZ 0819 में भारी मात्रा में कबाड़ लोड मिला, लेकिन वहां कोई चालक या संबंधित व्यक्ति मौजूद नहीं था। तलाशी के दौरान कबाड़ के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए थाना खरसिया पुलिस ने वाहन स्वामी एवं संपत्ति के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत कार्रवाई की है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़ के संग्रहण और परिवहन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। चोरी और उससे जुड़े अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश जांगड़े के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक अशोक देवांगन और आरक्षक अशोक सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।




