रायगढ़ पुलिस ने 4 ट्रकों में भरा 80 टन अवैध कबाड़ किया जब्त, 82 लाख की संपत्ति पर वैधानिक कार्रवाई

रायगढ़, 24 फरवरी 2026। जिले में अवैध कबाड़ के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार ट्रकों में लदा करीब 80 टन अवैध कबाड़ जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत लगभग 82 लाख रुपये बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में 23 फरवरी 2026 की दोपहर थाना पूंजीपथरा पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की। घरघोड़ा से रायगढ़ की ओर आ रहे चार ट्रकों को सामारूमा मेन रोड पर घेराबंदी कर रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रकों में लोहे के एंगल, पाइप, टिन और अन्य कबाड़ सामग्री पाई गई।
पुलिस के अनुसार ट्रक क्रमांक CG14D0528 से करीब 11 टन, CG04ML3765 से 25 टन, CG15AC4339 से 15 टन तथा AP31TF7866 से लगभग 29 टन कबाड़ जब्त किया गया। कुल मिलाकर करीब 80 टन कबाड़ की बाजार कीमत लगभग 28 लाख 35 हजार रुपये आंकी गई है। चारों ट्रकों सहित कुल 82 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस पूछताछ के दौरान वाहन चालकों द्वारा कबाड़ परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिससे सामग्री के चोरी की संपत्ति होने का संदेह उत्पन्न हुआ। इस पर आरोपियों के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 09/2026, 10/2026, 11/2026 और 12/2026 के तहत धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस तथा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत कार्रवाई की गई। साथ ही पुलिस कार्यवाही का विरोध करने पर अनावेदक वाहन चालकों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।
कार्रवाई में जिन आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही की गई, उनमें सुल्तान खान (जिला जशपुर), जाकिर मोहम्मद (जिला रायगढ़), महकुल अहमद (जिला बलिया, उत्तर प्रदेश) और रघुबीर यादव (जिला दमोह, मध्य प्रदेश) शामिल हैं।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि अवैध कबाड़, चोरी की संपत्ति और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा थाना पूंजीपथरा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




