Chhattisgarh

राज्यपाल शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए शिक्षिका नंदिनी राजपूत चयनित..नवाचार और समर्पण से शिक्षा को बनाया रोचक, 100 से अधिक टीएलएम तैयार

कोरबा, 8 सितंबर 2026। शासकीय प्राथमिक शाला नानपुलाली, संकुल केराझरिया, विकासखंड पाली की शिक्षिका नंदिनी राजपूत को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, नवाचार और समर्पण के लिए राज्यपाल शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए चयनित किया गया है। शिक्षक दिवस के अवसर पर राजभवन रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका द्वारा उन्हें सम्मानित किया जाएगा।

नंदिनी राजपूत ने शिक्षण कार्य में नवाचार को विशेष महत्व देते हुए ‘कबाड़ से जुगाड़’ के तहत 100 से अधिक टीएलएम (शिक्षण अधिगम सामग्री) तैयार किए हैं। कक्षा-कक्ष को आकर्षक और ज्ञानवर्धक बनाने के लिए जमीन पर शैक्षिक पेंटिंग, आर्ट एंड क्राफ्ट के माध्यम से सजावटी सामग्री एवं खिलौनों का निर्माण भी किया है। उनके इन प्रयासों से बच्चों के लिए सीखने की प्रक्रिया को रुचिकर और सहज बनाने में मदद मिली है।

उन्हें मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण 2023, जिला स्तरीय कबाड़ से जुगाड़ प्रतियोगिता 2023 में प्रथम स्थान, छत्तीसगढ़ गौरव अवार्ड 2019, छत्तीसगढ़ रत्न सम्मान, राष्ट्रीय शिक्षा गौरव सम्मान, इन्नोवेटिव टीचर अवार्ड 2024, वुमनिया सम्मान 2024 और स्वर्गीय हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान सहित 15 से अधिक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। इसके अलावा उन्हें 100 से अधिक ऑनलाइन प्रमाण-पत्र भी मिल चुके हैं।

बच्चों की शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकार

नंदिनी राजपूत ने मुख्यमंत्री अलंकरण से प्राप्त 5 हजार रुपये की राशि से बच्चों के लिए स्टेशनरी और दो कुर्सियां दान की थीं। वे वर्ष 2013 से अपने जन्मदिन पर तथा वर्ष 2018 से अपने पुत्र आदेश सिंह राजपूत के जन्मदिन पर बच्चों को स्टेशनरी, टाई-बेल्ट सहित अन्य सामग्री वितरित करती आ रही हैं। उन्होंने नेत्रदान का संकल्प भी लिया है। इसके साथ ही गरीब एवं असहाय लोगों की मदद, पॉलीथीन बहिष्कार रैली, स्वच्छता अभियान तथा त्योहारों पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कर सामाजिक जागरूकता के कार्यों में भी सक्रिय सहभागिता निभाई है।

शिक्षण नवाचारों को मिला व्यापक मंच

उनके नवाचारों और रचनात्मक कार्यों को सीजी स्कूल के ‘हमारे नायक’, राज्य स्तरीय खिलौना निर्माण बुक, शिक्षक संदर्शिका, किलोल पत्रिका, टीवी चर्चा पत्र, शिक्षा के गौठ तथा डाइट कोरबा की ‘प्रकाश पुंज’ में स्थान मिल चुका है। शिक्षा सचिव डॉ. आलोक शुक्ला द्वारा ‘नंदिनी के नवाचार से पुस्तक का निर्माण’ को विभागीय वेबसाइट पर भी प्रकाशित किया गया है। उनकी तीन रचनाएं ‘मोर अंगना के शोर’ पुस्तक में शामिल हैं, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान मिला है।

कोरोना काल के दौरान उन्होंने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन कक्षाओं के संचालन के साथ मास्टर ट्रेनर के रूप में सहभागिता की। गांव-गांव जाकर पालकों से संपर्क करने और यूट्यूब वीडियो के माध्यम से बच्चों तक शिक्षा पहुंचाने में भी उनकी भूमिका सराहनीय रही।

उपलब्धि पर बधाइयों का तांता

नंदिनी राजपूत के राज्यपाल शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए चयनित होने पर जिला शिक्षा अधिकारी ताम्रध्वज उपाध्याय, डाइट प्राचार्य रामहरी शराफ, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कुंदेश गोभिल, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनिराम मरकाम, विकासखंड स्रोत समन्वयक रामगोपाल जायसवाल, जिला अध्यक्ष मनोज चौबे, जिला मीडिया प्रभारी प्रदीप जायसवाल, वसुंधरा कुर्रे, संतोष कर्ष, संतोष तारक, गौरीशंकर डिक्सेना, मुकेश एवं अनिता जगत (सरपंच), दिलकेश मधुकर, कटघोरा प्राचार्य प्रोफेसर प्यारेलाल, मधुलिका दुबे, कांता जायसवाल, वीरेंद्र उईके (CAC) सहित समस्त शाला परिवार एवं संकुल-विकासखंड के शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उनकी इस उपलब्धि से शिक्षक समुदाय में खुशी का माहौल है।

Related Articles

Back to top button