Madhyapradesh

राजा रघुवंशी हत्याकांड: 11 महीने बाद जेल से बाहर आएगी सोनम, शिलांग कोर्ट से मिली जमानत

Indore News: मध्य प्रदेश के इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. मामले की मुख्य आरोपी और मृतक की पत्नी सोनम रघुवंशी को शिलांग की सेशन कोर्ट से जमानत मिल गई है. इस बात की पुष्टि मृतक के भाई विपिन रघुवंशी ने की है. करीब 11 महीने बाद मिली इस जमानत से परिवार में नाराजगी है और कई सवाल खड़े हो रहे हैं.यह सनसनीखेज मामला मई 2025 का है, जब इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या शिलांग में हनीमून के दौरान कर दी गई थी. आरोप है कि पत्नी सोनम रघुवंशी ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा और अन्य साथियों के साथ मिलकर इस हत्या की साजिश रची थी.

हत्या के बाद सोनम ने उत्तर प्रदेश में सरेंडर किया था, जिसके बाद उसे शिलांग पुलिस के हवाले कर दिया गया था. पुलिस ने करीब 30 दिन की जांच के बाद मामले का खुलासा करते हुए सोनम सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था.

जमानत पर क्या बोला राजा का परिवार? मृतक राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने बताया कि उन्हें वकीलों के माध्यम से जानकारी मिली है कि सोनम को जमानत मिल चुकी है. हालांकि, जमानत किन आधारों पर दी गई, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है. वहीं, सोनम रघुवंशी के भाई गोविंद रघुवंशी ने कहा कि उन्हें भी मीडिया के जरिए ही इस खबर की जानकारी मिली है और उन्होंने इस मामले पर ऑन-कैमरा टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.

अन्य आरोपी अब भी हिरासत में इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपी अभी भी न्यायिक हिरासत में हैं. ऐसे में मुख्य आरोपी को जमानत मिलने से केस की दिशा और न्याय प्रक्रिया को लेकर सवाल उठ रहे हैं. सोनम रघुवंशी की जमानत के बाद अब यह देखना अहम होगा कि कोर्ट में आगे की सुनवाई किस दिशा में जाती है. वहीं, मृतक परिवार न्याय की मांग पर कायम है और इस फैसले को चुनौती देने की तैयारी भी कर सकता है.

मामले से जुड़ी मुख्य बातें…
मई 2025 में हनीमून के दौरान शिलांग में राजा रघुवंशी की हत्या की गई थी.
पत्नी सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी.
हत्या के बाद सोनम ने यूपी में सरेंडर किया था, जिसके बाद उसे शिलांग पुलिस को सौंप दिया गया.
जमानत की पुष्टि राजा रघुवंशी के बड़े भाई विपिन रघुवंशी ने की.
कोर्ट की कार्यवाही के बाद सोनम के जल्द ही जेल से बाहर आने की संभावना है.

Related Articles

Back to top button