Chhattisgarh

रसोई गैस के दाम बढ़ने पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, महंगाई के खिलाफ जताया आक्रोश

कोरबा। शहर में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपये की बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। शनिवार को टीपी नगर चौक में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए और बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में की गई बढ़ोतरी से आम लोगों की रसोई का बजट बिगड़ गया है और गरीब तथा मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि केंद्र में भाजपा की मोदी सरकार के नेतृत्व में महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि रसोई गैस की कीमतों में 60 रुपये की बढ़ोतरी ने आम आदमी की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि पहले से ही महंगाई से जूझ रही जनता पर यह फैसला अतिरिक्त बोझ डालने जैसा है।

जयसिंह अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ में कथित रूप से एक भाजपा नेता के खेत में अफीम की खेती किए जाने के मामले को भी गंभीर बताया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार के शासन में प्रदेश को नशे का गढ़ बनाया जा रहा है, जो बेहद चिंताजनक है। कांग्रेस पार्टी इसकी कड़ी निंदा करती है।

उन्होंने मांग की कि घरेलू गैस सिलेंडर के बढ़े हुए दामों को तत्काल कम किया जाए और प्रदेश में नशे के कारोबार या अवैध खेती से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

प्रदर्शन के दौरान जिला शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर, ग्रामीण जिला अध्यक्ष मनोज चौहान, श्याम सुंदर सोनी, विकास सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, संजू पैकरा, पालूराम साहू, मनीष शर्मा, सुखसागर निर्मलकर, गिरधारी बरेठ, तोपचंद बैरागी, रमेश वर्मा, पन्ना अमित सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button