Chhattisgarh

मॉडल यूथ ग्राम सभा कार्यक्रम में कोरबा के ईएमआरएस छुरीकला का चयन : छात्रों में नेतृत्व, जिम्मेदारी और समाज सेवा की भावना विकसित करने का उद्देश्य

नई दिल्ली, 30 अक्टूबर 2025। पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आज डॉक्टर भीमराव अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर, नई दिल्ली में मॉडल यूथ ग्राम सभा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में देशभर से विभिन्न पंचायती विभागों के अधिकारी और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्री दुर्गादास और एस.पी. सिंह बघेल सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का उद्देश्य देशभर के विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी के निर्वहन और समाज सेवा की भावना को विकसित करना है। इसी लक्ष्य के तहत देश के 200 विद्यालयों का चयन किया गया, जिनमें छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले स्थित पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, छुरीकला को भी शामिल किया गया।

विद्यालय के शिक्षक आकाश पांडेय और लक्ष्मी पांडेय को कार्यक्रम का कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया। विद्यालय में इस आयोजन का सीधा प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) किया गया, जिसे 30 शिक्षकों सहित कुल 376 छात्र-छात्राओं ने देखा।

कार्यक्रम के दौरान एक विशेष पोर्टल भी लॉन्च किया गया, जिसमें देशभर के स्कूलों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इस कार्यक्रम की प्रारंभिक ट्रेनिंग सितंबर माह में ही पूरी की जा चुकी है। अब छात्र विद्यालय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर मॉडल यूथ ग्राम सभा में भाग लेकर पंचायत प्रणाली की कार्यप्रणाली और लोकतंत्र के तीसरे स्तर के संचालन के बारे में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगे।

कार्यक्रम के तहत श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मंत्रालय द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। इसे पंचायती राज मंत्रालय की एक अनूठी पहल माना जा रहा है, जो युवाओं को सामाजिक परिवर्तन और प्रशासनिक समझ के साथ जोड़ने का प्रयास है।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. असद ने इस अवसर पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि “एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के अधिकांश छात्र ग्रामीण पृष्ठभूमि से आते हैं। ऐसे कार्यक्रम 21वीं सदी के विद्यार्थियों में जीवन कौशल, नेतृत्व और सामाजिक संवेदनशीलता के विकास में सहायक सिद्ध होंगे।”

कोऑर्डिनेटर आकाश पांडेय ने बताया कि “मॉडल यूथ ग्राम सभा जैसे कार्यक्रम छात्रों में समाज, राजनीति, संचालन और टीम वर्क की समझ को बढ़ावा देते हैं, जिससे उनमें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।”

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक — आकाश, तरुण, विमल, उषा, लक्ष्मी, सुप्रिया, प्रशांत, रश्मि, पीतर, केवल राम, मनमोहन, अशोक, प्रतिभा, मधु, पूजा, शांतनु, पवन, अंजू, मनोज, बलराम, निधि, वर्षा और दीपेंद्र — ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया।

यह कार्यक्रम न केवल छात्रों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक कदम है, बल्कि भविष्य के जिम्मेदार नागरिक तैयार करने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल भी है।

Related Articles

Back to top button