Chhattisgarh

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सतनामी विकास परिषद का प्रतिनिधिमंडल मिला, गुरु घासीदास जयंती कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण

रायपुर, 09 दिसंबर 2025/ सतनामी विकास परिषद, सारंगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य भेंट की। मुलाकात के दौरान कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब भी उपस्थित रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री साय को परमपूज्य बाबा गुरु घासीदास जी की 269वीं जयंती पर आयोजित तीन दिवसीय जयंती गुरुपर्व–2025 में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने का आमंत्रण दिया। उन्होंने जानकारी दी कि यह महोत्सव 18, 19 और 20 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा, जिसमें सतनामी समाज के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होंगे। समाज ने इसे आस्था, एकता और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े भव्य उत्सव के रूप में तैयार किया है।

मुख्यमंत्री साय ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा कि सतनामी समाज ने सदैव छत्तीसगढ़ की सामाजिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं को समृद्ध किया है। उन्होंने कहा कि गुरु बाबा घासीदास जी के सत्य, अहिंसा और समानता के आदर्श समाज को नैतिक बल और प्रेरणा देते हैं। इस पावन उत्सव में शामिल होना उनके लिए सम्मान की बात है।

प्रतिनिधिमंडल में विधायक डोमनलाल कोर्सेवाडा, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, सतनामी विकास परिषद के अध्यक्ष बी. डी. भारद्वाज, उपाध्यक्ष रमेश अनंत, भानुप्रभा जोल्हे, कृष्णा अजगले, तेजेश्वर सिंह रात्रे और रोहित महिलांग शामिल थे।

Related Articles

Back to top button