मुंगेली पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान ‘पहल’: मौहामाचा में 60 महिलाओं और कोना स्कूल के 305 विद्यार्थियों को दी गई सुरक्षा की जानकारी

मुंगेली, 27 अक्टूबर। जिले को साइबर अपराध मुक्त बनाने के उद्देश्य से मुंगेली पुलिस द्वारा अभियान ‘पहल—बदलाव की शुरुआत, सुरक्षा के साथ’ के तहत ग्रामीण क्षेत्रों और शैक्षणिक संस्थानों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वरिष्ठ SP भोजराम पटेल के निर्देशन में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं और विद्यार्थियों को साइबर ठगी, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, नवीन कानूनों एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
मौहामाचा में 60 महिलाओं को किया जागरूक
अभियान के तहत लोरमी (खुड़िया) क्षेत्र के वनांचल ग्राम मौहामाचा में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें लगभग 60 ग्रामीण महिलाओं को साइबर अपराध और बैंक खातों से संबंधित धोखाधड़ी से बचाव के तरीके बताए गए। पुलिस ने महिलाओं को अनजान व्यक्तियों के साथ ओटीपी, बैंकिंग विवरण और अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने और ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की गई।
कोना स्कूल के 305 विद्यार्थियों को मिली जानकारी
इसी क्रम में शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कोना में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर 305 विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी, नवीन कानूनों और यातायात नियमों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को इंटरनेट और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने तथा डिजिटल माध्यमों पर सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देकर उनकी शंकाओं का समाधान भी किया गया।

साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत
मुंगेली पुलिस ने नागरिकों को बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। वहीं, किसी आपातकालीन स्थिति में पुलिस सहायता के लिए डायल 112 का उपयोग करें।
पुलिस द्वारा अभियान ‘पहल’ के माध्यम से आम नागरिकों, महिलाओं और विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है।




