मादक पदार्थों के दुरुपयोग व अवैध तस्करी के खिलाफ ग्रामीणों को किया जागरूक

कोरबा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा के अध्यक्ष एवं सचिव के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत गंगदेई, थाना हरदीबाजार में शुक्रवार को “मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के खिलाफ चेतना” विषय पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में सहायक एलएडीसी अधिवक्ता प्रमोद तिवारी ने ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभाव, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी तथा इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए गंभीर खतरा है तथा ऐसे अपराधों में संलिप्त पाए जाने पर कानून के तहत कठोर दंड का प्रावधान है। उन्होंने आम नागरिकों से किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि से दूर रहने और कानून का पालन करने की अपील की।
हरदीबाजार थाना प्रभारी आशीष सिंह ने ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं से स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से संगठित होकर गांव में होने वाली अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा डायल-112 पर देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही नशे और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत गंगदेई के सरपंच जागेश्वर प्रसाद, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इस दौरान अधिकार मित्र इन्द्रजीत सिंह राठौर ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी देते हुए टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 के बारे में भी बताया और जरूरतमंद लोगों से इसका लाभ उठाने की अपील की।





