Chhattisgarh

मां-बेटी की जान बचाने वाले तीन साहसी युवकों का पुलिस अधीक्षक ने किया सम्मान

जांजगीर-चांपा। मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम पकरिया (झूलन) में तेज बहाव की चपेट में आकर नहर में बह रही मां-बेटी की जान बचाने वाले तीन साहसी युवकों को पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। युवकों ने अपनी जान की परवाह किए बिना नहर में छलांग लगाकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला था।

जानकारी के अनुसार सोमवार को पकरिया (झूलन) स्थित बड़े नहर में नहाने के दौरान एक मां और उसकी बेटी अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गईं और बहने लगीं। मौके पर मौजूद ग्राम पकरिया (झूलन) निवासी सत्येंद्र सूर्यवंशी (27), रामभरोस सारथी (26) और 16 वर्षीय टोनी प्रकाश खूंटे ने बिना देर किए नहर में छलांग लगा दी। तीनों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए मां-बेटी को सुरक्षित बाहर निकालकर उनकी जान बचाई।

तीनों युवकों के साहस, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने उन्हें पुलिस अधीक्षक कार्यालय बुलाकर प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की जिंदगी बचाना मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है। युवकों ने जिस साहस और संवेदनशीलता का परिचय दिया है, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है।

पुलिस अधीक्षक ने तीनों युवकों के साहस की प्रशंसा करते हुए आमजन से भी अपील की कि तेज बहाव वाली नहरों, नदियों और अन्य जलस्रोतों में विशेष सावधानी बरतें। बारिश के मौसम में जलस्रोतों का बहाव अचानक बढ़ सकता है, इसलिए सुरक्षा के प्रति किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें।

Related Articles

Back to top button