Chhattisgarh

महिला की सहेली ही निकली चोर: दंपति के बाहर जाते ही घर में लगाई सेंध, फिर सोने-चांदी के गहने किए पार

कांकेर। छत्तीसगढ़ की कांकेर पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने परिचय और विश्वास का फायदा उठाकर घर में रखे सोना-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी के जेवरात बरामद किए हैं, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 63 हजार रुपये आंकी गई है। यह पूरा मामला नरहरपुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, बरेठिनबाहरा निवासी दिवस कुंजाम अपनी पत्नी के साथ नरहरपुर साप्ताहिक बाजार गया हुआ था। घर में कोई नहीं होने का फायदा उठाकर अज्ञात व्यक्ति ने ड्रेसिंग टेबल में रखी आलमारी की चाबी निकालकर लॉकर खोला और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। अगले दिन सुबह चोरी का पता चलने पर पीड़ित ने 25 मई को नरहरपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने जांच के दौरान पीड़ित परिवार के परिचितों और घर आने-जाने वालों से पूछताछ की। इसी दौरान संदेह के आधार पर दिवस कुंजाम की पत्नी की सहेली चन्द्रकला मरकाम से पूछताछ की गई। पूछताछ में महिला ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि घर में कोई नहीं होने का लाभ उठाकर उसने आलमारी की चाबी निकालकर लॉकर से जेवरात चोरी किए और अपने घर में छिपाकर रख दिए।

कब्जे से चोरी के गहने बरामद आरोपी के कब्जे से दो नग सोने के झुमके, एक सोने का मंगलसूत्र, दो सोने के दाने, दो सोने के लॉकेट और एक जोड़ी चांदी की पायल बरामद की गई। बरामद जेवरातों की कुल कीमत 1 लाख 63 हजार 350 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी चन्द्रकला मरकाम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button