Chhattisgarh

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप का मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर भारत लाया गया, आज रायपुर की CBI कोर्ट में होगी पेशी

रायपुर, 02 नवंबर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) को बड़ी सफलता मिली है। अवैध ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट के प्रमुख प्रमोटर और मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया के तहत भारत लाया गया है। भारत पहुंचने के बाद अब CBI उसे आज रायपुर की विशेष अदालत में पेश करेगी। इस मामले में सौरभ चंद्राकर की भारत वापसी को जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

सौरभ चंद्राकर के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। इसी के आधार पर ओमान पुलिस ने उसे हिरासत में लिया था। इसके बाद CBI ने प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी कर उसे भारत लाने की कार्रवाई की।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के जरिए संचालित अवैध कारोबार के सिंडिकेट का प्रमुख आरोपी और प्रमोटर है। उस पर सट्टे से अर्जित रकम को म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के माध्यम से विदेश भेजने का आरोप है। इसके अलावा सिंडिकेट के अवैध कारोबार को संरक्षण देने के लिए सरकारी अधिकारियों को कथित तौर पर प्रोटेक्शन मनी देने के आरोप भी हैं।

CBI करेगी सिंडिकेट के आर्थिक नेटवर्क की जांच

रायपुर की विशेष CBI कोर्ट में पेशी के दौरान जांच एजेंसी आरोपी की रिमांड मांग सकती है। उससे महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के संचालन, आर्थिक लेनदेन, हवाला नेटवर्क और सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ की जा सकती है।

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में CBI पहले ही दो अलग-अलग मामलों में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध वित्तीय लेनदेन से जुड़े पहलुओं की जांच कर रहा है।

सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी और भारत वापसी से महादेव सट्टा सिंडिकेट के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क, कथित वित्तीय लेनदेन और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका से जुड़े कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button