National

ममता की अनूठी और दर्दभरी दास्तान: मां-बेटे की अर्थी एक साथ उठी, बेटे के वियोग में मां ने भी त्यागे प्राण

शाजापुर। कहते हैं कि दुनिया में मां और बेटे का रिश्ता सबसे अनमोल होता है। बेटा चाहे कितना भी बड़ा हो जाए, वह मां के लिए हमेशा उसका जिगर का टुकड़ा ही रहता है। ममता की एक ऐसी ही अटूट और हृदयस्पर्शी मिसाल मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के मक्सी कस्बे में देखने को मिली, जिसे सुनकर और देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। यहां अपने 62 वर्षीय बेटे की मौत की खबर सुनते ही 105 साल की बुजुर्ग मां ने भी दुनिया को अलविदा कह दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, मक्सी के रहने वाले 62 वर्षीय नरेंद्र जैन को अस्थमा की शिकायत थी। अचानक दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने की वजह से उनका निधन हो गया। जब बेटे की मौत की खबर उनकी 105 वर्षीय वृद्ध मां तक पहुँची, तो वह इस गहरे सदमे को बर्दाश्त नहीं कर पाईं। बेटे के वियोग में तड़प रहीं मां ने भी करीब 20 घंटे बाद अपने प्राण त्याग दिए।

मक्सी कस्बे में जैसे ही इस घटना की जानकारी फैली, चारों ओर शोक की लहर दौड़ गई। इसके बाद मां और बेटे की अर्थी एक साथ निकाली गई। इस गमगीन माहौल में दोनों को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में नगरवासी शवयात्रा में शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button