Chhattisgarh

मड़वा काॅलोनी में 65 फीट का हाईटेक रावण बनेगा आकर्षण का केंद्र, आसमान में उड़ते तीर से होगा वध

  • एआई तकनीक से लैस रावण का पुतला साइबर सुरक्षा का देगा संदेश

जांजगीर-चांपा, 17 अक्टूबर 2026। अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत संयंत्र (एबीवीटीपीएस), मड़वा में इस वर्ष दशहरा उत्सव को भव्य, आकर्षक और यादगार बनाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस बार यहां 65 फीट ऊंचे हाईटेक रावण का निर्माण किया जा रहा है, जो आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के अनूठे प्रयोग के कारण लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।

मुख्य अभियंता रजनीश जांगड़े ने रावण निर्माण कार्य का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने आयोजन को भव्य, आकर्षक एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

दशहरा समिति के अनुसार, इस बार का 65 फीट ऊंचा रावण पारंपरिक पुतले से बिल्कुल अलग हाईटेक अंदाज में नजर आएगा। एआई तकनीक से रावण के रौद्र रूप का प्रभावशाली प्रदर्शन किया जाएगा। उसकी आंखें लोगों को देखती हुई प्रतीत होंगी और उसके हाव-भाव सजीव जैसा होने का अनुभव देगा। रावण के मुख से धुआं निकलने का विशेष प्रभाव भी तैयार किया जा रहा है, जिससे उसका रौद्र रूप और अधिक प्रभावशाली एवं रोमांचक होगा।

इस बार रावण वध का दृश्य भी बेहद अनूठा और रोमांचकारी होगा। भगवान श्रीराम की ओर से आकाश में उड़ते हुए तीर के माध्यम से हाईटेक रावण का वध किया जाएगा। आधुनिक तकनीक और विशेष दृश्य प्रभावों से सुसज्जित यह प्रस्तुति दर्शकों को एक अलग ही अनुभव प्रदान करेगी। रावण वध के साथ भव्य आतिशबाजी भी की जाएगी। दर्शकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आतिशबाजी का संचालन रिमोट के माध्यम से किया जाएगा, ताकि सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उत्सव कोग आकर्षक बनाया जा सके। दशहरा उत्सव में भगवान श्रीराम की भव्य झांकी भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।

इस वर्ष हाईटेक रावण का पुतला सामाजिक जागरूकता का माध्यम भी बनेगा। रावण के माध्यम से लोगों को साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के प्रति जागरूक किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button