National

मक्का किसानों को मिला बड़ा बाजार, आर्या.एजी और रीगाल की साझेदारी से 3 करोड़ रुपये से अधिक की खरीद

बिहार। मक्का उत्पादक किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने और खरीद प्रक्रिया को आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। आर्या.एजी (Arya.ag) ने रीगाल (Regal Resources) के साथ मिलकर बिहार में मक्का खरीद नेटवर्क को मजबूत किया है। इस पहल के तहत सीमांचल क्षेत्र में चालू सीजन के दौरान 3 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की मक्का की खरीद की गई, जिससे हजारों किसानों को सीधे बाजार से जुड़ने का अवसर मिला।

फसल तैयार होने के बाद किसानों के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी उपज को उचित मूल्य पर बेचने की होती है। मजबूत खरीद व्यवस्था के अभाव में किसानों को अक्सर बिचौलियों पर निर्भर रहना पड़ता है। इसे ध्यान में रखते हुए आर्या.एजी ने अपने आर्या एग्री वैल्यू रिसोर्स सेंटर (AVRC), सीवीआरपी, फील्ड टीमों और 20 किसान उत्पादक संगठनों (FPO) के सहयोग से किसानों को सीधे खरीदार रीगाल से जोड़ने का काम किया।

पूरी खरीद प्रक्रिया के दौरान किसानों को मक्का सुखाने की वैज्ञानिक विधि, नमी की जांच, गुणवत्ता परीक्षण और डिस्पैच तक तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई गई। इससे किसानों को खरीदारों की गुणवत्ता संबंधी आवश्यकताओं की बेहतर जानकारी मिली और एफपीओ भी संगठित खरीद प्रणाली का प्रभावी हिस्सा बन सके।

आर्या.एजी के चीफ बिजनेस ऑफिसर रितेश रमन ने कहा कि बिहार का मक्का उत्पादन देश की ग्रेन वैल्यू चेन में तेजी से महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उनका कहना है कि यदि किसान उत्पादक संगठनों और छोटे किसानों को भरोसेमंद खरीदारों से सीधे जोड़ा जाए, तो उन्हें बेहतर बाजार और अधिक मूल्य प्राप्त हो सकता है।

वहीं, रीगाल रिसोर्सेज के प्रोक्योरमेंट हेड विवेक लिल्हा ने कहा कि आर्या.एजी के साथ साझेदारी से खरीद प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी हुई है। गुणवत्ता जांच, डिस्पैच प्लानिंग और एफपीओ के साथ बेहतर समन्वय के कारण कंपनी को अपनी आवश्यकता के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाला मक्का प्राप्त हुआ।

आर्या.एजी के नेशनल इम्प्लीमेंटेशन लीड शोएब अख्तर ने कहा कि जब किसानों को कीमत, गुणवत्ता मानकों और खरीदारों की आवश्यकताओं की सही जानकारी मिलती है, तब पूरी खरीद प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और भरोसेमंद बन जाती है। इससे किसानों का विश्वास बढ़ता है और उन्हें अपनी उपज का बेहतर लाभ मिलता है।

इस सीजन में 1,500 मीट्रिक टन से अधिक मक्का की सफल खरीद की गई है। आर्या.एजी अब अगले सीजन के लिए भी किसान उत्पादक संगठनों, सीवीआरपी और खरीदारों के साथ मिलकर किस्मवार मक्का खरीद की तैयारी कर रहा है। कंपनी का मानना है कि यदि किसानों को सही जानकारी, मजबूत खरीद व्यवस्था और भरोसेमंद बाजार उपलब्ध कराया जाए, तो उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है।

यह पहल न केवल बिहार के मक्का किसानों के लिए नए बाजार के अवसर खोल रही है, बल्कि कृषि आपूर्ति श्रृंखला को अधिक संगठित, पारदर्शी और टिकाऊ बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

Related Articles

Back to top button