भाटापारा में चाकू लहराकर लोगों को डरा रहा युवक गिरफ्तार, पुलिस ने धारदार हथियार किया जब्त

भाटापारा, 03 नवंबर 2026। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के भाटापारा स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में चाकू लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को थाना भाटापारा ग्रामीण की टीम टाउन पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम डोमन देवदास उर्फ तुतरू (19 वर्ष), पिता रमेश देवदास, निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी भाटापारा बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 680/2026 दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
SP गौरव राय के निर्देशन में जिले में अवैध हथियार रखने और सार्वजनिक स्थानों पर दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।




