Chhattisgarh

भविष्य के लिए स्वच्छ-शुद्ध व हरित परिवेश संजोकर रखने अधिक से अधिक पौधरोपण जरूरी: डॉ प्रशांत बोपापुरकर

0 घर से पौधे लेकर आए कमला नेहरू कॉलेज के बीएड विद्यार्थियों ने परिसर में किया पौधरोपण और लिया उनकी सुरक्षा का संकल्प।

कोरबा। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए कमला नेहरू महाविद्यालय कोरबा के बीएड विद्यार्थियों द्वारा पौध रोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल में शिक्षा संकाय के प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़ कर सहभागिता निभाई। पौधरोपण के बाद उनकी देखभाल का संकल्प लेते हुए पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया। इस अवसर पर काॅलेज के प्राचार्य डाॅ प्रशांत बोपापुरकर ने कहा कि भविष्य के लिए स्वच्छ-शुद्ध व हरित परिवेश संजोकर रखने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण जरुरी है।

प्राचार्य डाॅ प्रशांत बोपापुरकर के मार्गदर्शन पर शिक्षा संकाय की ओर से यह पौधरोपण कराया गया। छात्र-छात्राएं अपने-अपने घर से पौधे लेकर आए और उन्हें परिसर में गमलों पर रोपित किया। इनमें एरिका पाम, गुलाब, सेवंती, तुलसी व अन्य प्रजाति के पौधे शामिल हैं, जो पर्यावरण को शुद्ध करने में अहम भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ प्रशांत बोपापुरकर ने कहा कि पेड़-पौधे केवल ऑक्सीजन नहीं देते, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवनदायिनी विरासत बनते हैं। महाविद्यालय का उद्देश्य केवल उच्च शिक्षा के दायित्वों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति संरक्षण और हरियाली की अहमियत से परिचित कराते हुए इन युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक व जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। कार्यक्रम में मुख्य रुप से शिक्षा संकाय की विभागाध्यक्ष डाॅ भारती कुलदीप, डाॅ रश्मि शुक्ला, श्रीमती प्रीति द्विवेदी व कुणाल दासगुप्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button