Chhattisgarh

भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर भाजपा मनाएगी जनजातीय गौरव सप्ताह – विद्या सिदार

  • 11 से 18 नवंबर तक होंगे विविध आयोजन, जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प

जांजगीर-चांपा। भगवान बिरसा मुंडा जी की 151वीं जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस एवं जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी द्वारा 11 से 18 नवंबर 2026 तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में आज जिला भाजपा कार्यालय में भाजपा प्रदेश मंत्री श्रीमती विद्या सिदार ने प्रेस वार्ता को संबोधित कर जनजातीय गौरव सप्ताह के कार्यक्रमों एवं केंद्र सरकार की जनजातीय समाज के उत्थान के लिए संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए श्रीमती विद्या सिदार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी का जीवन संघर्ष, साहस, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा, जल-जंगल-जमीन और अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका जीवन आज भी समाज को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जनजातीय समाज के गौरव, सम्मान और स्वाभिमान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित करना जनजातीय समाज के महान स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति देश की सच्ची श्रद्धांजलि है।

श्रीमती सिदार ने केंद्र सरकार की जनजातीय कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय तथा सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन जैसी योजनाओं के माध्यम से जनजातीय समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार एवं बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि भाजपा द्वारा 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न रचनात्मक एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, महापुरुषों के बलिदान, संस्कृति एवं परंपराओं के साथ-साथ केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने जिलेवासियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भगवान बिरसा मुंडा जी की 151वीं जयंती को गौरव, उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाते हुए जनजातीय समाज के इतिहास एवं योगदान को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाएं।

प्रेस वार्ता में प्रमुख रूप से जिला भाजपा मीडिया प्रभारी राकेश रूपवानी, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष लखन सिंह कंवर, दुल्हरिन चौरसिया, धरम सिदार एवं हितेश राज उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button